November 28, 2026
Screenshot_20261127_162550

पंचायत भवन में कथित तौर पर शराबखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर भी उठ रहे सवाल

सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले में पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक पंचायत सचिव पंचायत भवन के भीतर बियर पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और सरकारी कार्यालयों की मर्यादा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पंचायत भवन को ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं के संचालन का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में यदि किसी जिम्मेदार कर्मचारी द्वारा पंचायत भवन परिसर में इस तरह का आचरण किया गया है, तो यह बेहद गंभीर मामला है। आखिर जिस स्थान पर ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, उसी स्थान पर इस तरह की गतिविधियां कैसे हो सकती हैं?

सवालों के घेरे में जिम्मेदार विभाग

वीडियो वायरल होने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या संबंधित विभाग इस मामले का संज्ञान लेगा? क्या वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी? क्या संबंधित सचिव से जवाब-तलब होगा या मामला अन्य विवादों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

अब प्रशासन से जवाबदेही की उम्मीद

ग्रामीणों और आम नागरिकों की मांग है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि वीडियो में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित सचिव के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पंचायत भवन जैसी सार्वजनिक संस्थाओं की गरिमा और सरकारी व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बना रहे।

फिलहाल वायरल वीडियो ने पंचायत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

EDITOR