November 29, 2026
Screenshot_20261128_214030

1.5 मोटर पंप जब्त या मामला रफा-दफा? उग्रसेन साहू की खदान में बिजली विभाग की कार्रवाई के बाद अब कथित 4 लाख रुपये के लेनदेन का आरोप!

गुड़ेली (सारंगढ़-बिलाईगढ़)।

अवैध खदान में बिजली विभाग की कार्रवाई के बाद उठे गंभीर सवाल, जब्त मोटर पंपों का मामला अब चर्चा में

सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले के गुड़ेली क्षेत्र में संचालित उग्रसेन साहू की खदान को लेकर एक नया मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, करीब 10 से 15 दिन पहले बिजली विभाग की टीम ने उक्त खदान में कार्रवाई करते हुए 7 हॉर्स पावर क्षमता के पांच मोटर पंप जब्त किए थे।

लेकिन इस कार्रवाई के इतने दिन बीत जाने के बाद भी अब तक संबंधित मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। इसी बीच जब्त मोटर पंपों के मामले को लेकर करीब 4 लाख रुपये के कथित लेनदेन की चर्चा और आरोप सामने आ रहे हैं।

यदि इन आरोपों में सच्चाई है, तो यह बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर पांच मोटर पंप जब्त किए जाने के बाद नियमानुसार प्रकरण दर्ज क्यों नहीं किया गया? जब्ती की कार्रवाई के बाद विभाग ने अब तक क्या कदम उठाए हैं? क्या जब्त मोटर पंपों की विधिवत जब्ती सूची और पंचनामा तैयार किया गया है?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि बिजली चोरी या नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया था, तो नियमानुसार कार्रवाई करने के बजाय मामला अब तक लंबित क्यों है?

अब इन सवालों पर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का जवाब जरूरी है।

मामले की निष्पक्ष जांच कर जब्त किए गए पांचों मोटर पंपों की स्थिति, विभागीय कार्रवाई और कथित 4 लाख रुपये के लेनदेन के आरोपों की जांच की जानी चाहिए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

EDITOR